उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में बजट 2025-26 हुआ पेश
वसई। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एमएमआरडीए) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अपना बजट अनुमान ₹40,187.41 करोड़ प्रस्तुत किया। यह बजट मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री एवं एमएमआरडीए अध्यक्ष एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में तथा राज्य मंत्री (शहरी विकास) माधुरी मिसाल की उपस्थिति में प्रस्तुत किया गया। इस बजट में मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में विश्वस्तरीय शहरी सेवाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए ₹35,151.14 करोड़ (कुल बजट का लगभग 87%) आवंटित किया गया है। इस धनराशि का उपयोग मेट्रो लाइन विस्तार, नए टनल निर्माण, कोस्टल रूट्स, क्षेत्रीय जल संसाधन विकास और अन्य महत्वपूर्ण शहरी विकास परियोजनाओं के लिए किया जाएगा। बजट प्रस्तुति एमएमआरडीए मेट्रोपॉलिटन कमिश्नर डॉ. संजय मुखर्जी (आईएएस) द्वारा की गई और इसे एमएमआरडीए अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्वीकृति दी। इस वित्तीय वर्ष में अनुमानित राजस्व ₹36,938.69 करोड़ है। यह बजट मुंबई और इसके आसपास के इलाकों को विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
वसई विरार को मिली सौगात
इस बजट में वसई – विरार शहर के लिए उत्तन से विरार कोस्टल प्रोजेक्ट ₹2,000 करोड़ रुपए, क्षेत्रीय जल संसाधन विकास (सूर्या, कालू, देहरेजी परियोजनाएं) ₹1,645 करोड़ रुपए का आवंटन हुआ है। वहीं वित्तीय वर्ष में 2025-26 में नई परियोजना में मेट्रो लाइन 13: शिवाजी चौक से विरार तक, विस्तारित मुंबई शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना के अंतर्गत वसई-विरार क्षेत्र के लिए सड़कें, क्रीक ब्रिज और रेलवे ओवर ब्रिज, 40 मीटर चौड़ी रिंग रोड का निर्माण जो कि वसई-विरार के 4 प्रमुख कस्बों को जोड़ेगा, वसई-विरार शहर महानगरपालिका क्षेत्र में 5 रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा।
मुंबई महानगरीय क्षेत्र महाराष्ट्र की आर्थिक रीढ़ है। यहां चल रही इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएं राज्य के विकास को गति प्रदान कर रही हैं। महाराष्ट्र सरकार ने कुल 54 एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं, जिनका मूल्य ₹15.70 लाख करोड़ है। इनमें से एमएमआरडीए ने अकेले 11 एमओयू ₹3.50 लाख करोड़ के लिए साइन किए हैं।
– देवेंद्र फडणवीस, मुख्यमंत्री
हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन का समग्र और तीव्र विकास है। इस बजट के माध्यम से मेट्रो, जल संसाधन, सड़क और सुरंगों सहित विभिन्न क्षेत्रों में समावेशी प्रगति को बल मिलेगा। एमएमआरडीए की योजनाएं मुंबई को वैश्विक आर्थिक केंद्र बनाने में सहायक साबित होंगी।
– एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री
यह बजट भविष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। ₹35,000 करोड़ से अधिक की राशि सीधे परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी। यह केवल एक वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि एमएमआर के उज्जवल भविष्य की रूपरेखा है।
– डॉ. संजय मुखर्जी, कमिश्नर, एमएमआरडीए मेट्रोपॉलिटन