भायंदर। समाजसेवा में अपनी अग्रणी भूमिका निभाने वाले और राजनीति को समाजहित के कार्यों का सशक्त माध्यम मानने वाले सुशील पोद्दार को भारतीय जनता पार्टी ने भायंदर ईस्ट मंडल का महामंत्री नियुक्त किया है। यह नियुक्ति न केवल संगठन के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि समाजसेवा और जनहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने वाले सुशील पोद्दार के प्रयासों के लिए एक पुरस्कार भी है।
सुशील पोद्दार शुरू से ही भारतीय जनता पार्टी के समर्पित सदस्य रहे हैं। पार्टी की विचारधारा को समाज तक पहुँचाने और संगठन को मजबूती प्रदान करने में उनकी भूमिका हमेशा प्रभावशाली रही है। एक कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने जमीनी स्तर पर पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुँचाया, वहीं एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में उनकी छवि हमेशा बेमिसाल रही है।
जनहित के कार्यों में उनकी सक्रियता, मेहनत और लगन को देखते हुए भाजपा द्वारा मंडल महामंत्री जैसी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता के हाथों से उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष दिलीप जैन और प्रदेश प्रवक्ता शैलेश पांडेय भी मौजूद थे । माना जा रहा है कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से न केवल संगठन को नई दिशा मिलेगी, बल्कि समाजसेवा के क्षेत्र में भी और अधिक मजबूती आएगी।
स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि सुशील पोद्दार की नियुक्ति से संगठन और समाज दोनों को लाभ होगा। वे हमेशा समाज के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते हैं और समाधान की दिशा में प्रयास करते हैं। यही कारण है कि भाजपा नेतृत्व को विश्वास है कि उनकी कार्यशैली से पार्टी की साख और भी सुदृढ़ होगी।
भायंदर ईस्ट मंडल में महामंत्री के रूप में उनकी नियुक्ति से एक ओर जहाँ संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आएगी, वहीं दूसरी ओर समाजसेवा के कार्यों को भी और गति मिलने की उम्मीद है।













