नालासोपारा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वसई-विरार शहर जिला द्वारा आयोजित “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान महिला सम्मेलन” आज अलकापुरी मार्केट स्थित एकविरा हॉल में बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। “प्रत्येक घर में स्वदेशी – घर-घर स्वदेशी” इस प्रेरक घोषवाक्य के साथ महिलाओं की आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आत्मनिर्भर भारत संकल्प महाराष्ट्र प्रदेश सह-संयोजिका तथा विधायक स्नेहा दुबे पंडित रहीं, जिन्होंने महिलाओं को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित किया। उनके मार्गदर्शन से उपस्थित महिलाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ।

इस अवसर पर भाजपा वसई-विरार शहर जिला अध्यक्ष प्रज्ञा पाटील, जिला सरचिटणीस जोगेंद्र प्रसाद चौबे, जिला सरचिटणीस मनोज बारोट, आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान जिला संयोजक नारायण मांजरेकर, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष ज्योत्स्ना मेहर, महिला मोर्चा पूर्व जिला अध्यक्ष कांचन झा तथा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और बहनें उपस्थित रहीं।
सम्मेलन में महिलाओं को स्वावलंबन के विभिन्न आयामों, उद्यमिता के अवसरों और स्वदेशी उत्पादों के प्रसार की महत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित महिलाओं ने कार्यक्रम को उत्स्फूर्त समर्थन देते हुए स्वदेशी अपनाने का संकल्प लिया। यह आयोजन आत्मनिर्भर भारत के सपने को घर-घर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

भाजपा नेताओं ने बताया कि ऐसे सम्मेलनों से महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत विजन की सराहना की।












