शहर की सौंदर्यता और सुरक्षा के लिए चलाया सख्त अभियान
वसई। शहर को अवैध होर्डिंग्स और विज्ञापन बोर्डों से मुक्त करने की दिशा में वसई-विरार शहर महानगरपालिका (VVCMC) ने एक बार फिर कड़ा कदम उठाया है। आयुक्त मनोजकुमार सूर्यवंशी (भा.प्र.से.) और अतिरिक्त आयुक्त दीपक सावंत के निर्देशन में, तथा उपायुक्त अजित मुठे के मार्गदर्शन में 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजमार्ग और शहर के विभिन्न हिस्सों में कुल 17 अवैध होर्डिंग्स पर निष्कासन की सफल कार्रवाई की गई।
डेवलपर पर मामला दर्ज
इसके साथ ही, मधुबन क्षेत्र में अवैध रूप से कियोस्क बोर्ड लगाने वाले डेवलपर निर्भयकुमार सिंह के खिलाफ संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत आचोले पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। यह कार्रवाई शहर की सौंदर्यता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए की गई है, जो अवैध विज्ञापनों से होने वाले खतरे को रोकने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
टीम रहीं मौजूद
कार्रवाई के दौरान महानगरपालिका के कनिष्ठ अभियंता कुणाल घरत, लिपिक दशरथ वाघेला और मनपा सुरक्षा बल (म.सु.ब.) के जवान मौके पर उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराया। पिछले 7-8 महीनों तकरीबन 135 होर्डिंग्स पर निष्कासन की कार्रवाई कर 43 अपराध दर्ज किए गए। जिनमें अवैध विज्ञापनदाताओं पर कानूनी शिकंजा कसा गया।
“शहर को साफ-सुथरा और सुरक्षित बनाने के लिए हमारी टीम लगातार प्रयासरत है। अवैध होर्डिंग्स न केवल ट्रैफिक बाधा पैदा करते हैं, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ाते हैं। हम ऐसी गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाए हुए हैं।” – मनोजकुमार सूर्यवंशी (आईएएस), (आयुक्त वीवीसीएमसी)














