पालघर। पालघर लोकसभा क्षेत्र में लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत हो रही हैं। जिले में मतदाताओं की कुल संख्या 24 लाख के पार पहुंच गई है, जिसमें विधानसभा चुनाव के बाद करीब 1 लाख 10 हजार नए मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है। सबसे खास बात यह है कि इनमें युवाओं का अनुपात 44 प्रतिशत है, जबकि 19 वर्ष तक के मतदाताओं की संख्या 60 हजार से अधिक हो चुकी है। जिला निर्वाचन विभाग के प्रयासों और युवाओं के उत्साह से यह वृद्धि संभव हुई है, जो आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों में निर्णायक भूमिका निभाने वाली है।
विशेष अभियान से युवाओं में जागरूकता
वर्ष 2023-24 में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के मद्देनजर नए मतदाताओं की पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया गया। महाविद्यालयीन छात्रों के लिए मार्गदर्शन शिविर आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से मतदाता पंजीकरण के विशेष कैंप लगाए गए। इन प्रयासों का असर यह हुआ कि विधानसभा चुनाव के बाद भी पात्र युवाओं ने पंजीकरण का सिलसिला जारी रखा। अकेले अक्टूबर 2025 तक करीब 14 हजार छात्रों और युवाओं ने मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराया। नई पंजीकरण में 18-29 आयु वर्ग के मतदाताओं की हिस्सेदारी सबसे अधिक 44 प्रतिशत रही। इसके बाद 30-39 आयु वर्ग में 26 प्रतिशत और 40-59 आयु वर्ग में 29 प्रतिशत नए मतदाता शामिल हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया, जिसमें घर पर मतदान के पात्र वरिष्ठ नागरिकों और मृत मतदाताओं के नाम सुधारने पर फोकस रहा। 70-79 आयु वर्ग में वृद्धि दर्ज की गई, जबकि 80+ वर्ग में 800 से अधिक नाम कम हुए।
विधानसभा क्षेत्रवार वृद्धि: नालासोपारा अव्वल
विधानसभा चुनाव के बाद अक्टूबर 2025 तक की वृद्धि में नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे रहा, जहां करीब 50 हजार नए मतदाता जुड़े। बोईसर में 27 हजार, डहाणू में 10 हजार, वसई में 9 हजार, जबकि विक्रमगढ़ और पालघर में प्रत्येक में साढ़े 6 हजार मतदाता बढ़े। वर्ष भर में कुल 2 लाख 25 हजार 242 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 91 हजार 741 अस्वीकार करने के बाद 1 लाख 30 हजार 307 नाम सूची में शामिल किए गए। इसी अवधि में 16 हजार 28 नाम विभिन्न कारणों से हटाए गए, जबकि 58 हजार नागरिकों ने पता या अन्य विवरण बदले।
आयु वर्ग अनुसार मतदाता संख्या (अक्टूबर 2025 बनाम विधानसभा 2024)
| आयु वर्ग |विधानसभा 2024| अक्टूबर 2025|
|————-|———————|————-
| 18-19 | 46,192 | 60,329
| 20-29 | 4,73,392 | 5,10,854
| 30-39 | 5,37,905 | 5,67,999
| 40-49 | 5,09,098 | 5,26,050
| 50-59 | 3,75,031 | 3,91,716
| 60-69 | 2,14,503 | 2,16,779
| 70-79 | 98,826 | 99,115
| 80-89 | 32,180 | 31,976
| 90-99 | 7,136 | 6,998
| 100-109 | 790 | 329
| 109+ | 6 | 5
जिला निर्वाचन विभाग के अधिकारी ने कहा, “युवा वर्ग का उत्साहपूर्ण भागीदारी लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है। यह नए मतदाता आगामी चुनावों में बदलाव की धारा बहा सकते हैं।” पालघर के मतदाता अब न केवल संख्या में बढ़े हैं, बल्कि जागरूकता और भागीदारी में भी आगे हैं।













