जल्द राहत : सड़कों के गड्ढों से मुक्ति की राह पर वीवीसीएमसी

इसी सप्ताह होगा शुरू, नवंबर अंत तक सभी सड़कें होंगी सुचारु

वसई। वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र में सड़कों पर फैले गड्ढों के साम्राज्य को खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मानसून की शुरुआत से ही सड़कों पर उभरे गड्ढों ने नागरिकों की मुश्किलें बढ़ा दी थीं, लेकिन अब वसई विरार शहर महानगरपालिका ने 68 करोड़ रुपए की व्यवस्था कर नई निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसी सप्ताह से गड्ढों की मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा, और नवंबर अंत तक सभी सड़कों को सुचारु बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

13 ठेकेदारों को नोटिस
वीवीसीएमसी के बांधकाम विभाग ने सड़कों के खराब मरम्मत के लिए पैनल पर मौजूद 13 ठेकेदारों को नोटिस थमाई है। गणेशोत्सव से पहले इन ठेकेदारों को सड़क पैचिंग और गड्ढे भरने का जिम्मा सौंपा गया था, लेकिन काम की निम्न गुणवत्ता के कारण सड़कों की हालत बदतर हो गई। गणेशोत्सव, नवरात्रि और दिवाली जैसे त्योहार बीत जाने के बावजूद गड्ढे नहीं भरे गए, जिससे नागरिकों में भारी आक्रोश था। अब इन ठेकेदारों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, और उनके जवाब के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

विफलता के बाद नई निविदा
बांधकाम विभाग ने कहा कि तीन वर्षीय पैनल सिस्टम के तहत नियमित मरम्मत के लिए ठेकेदार नियुक्त किए गए थे, लेकिन विफलता के बाद नई निविदा प्रक्रिया अपनाई गई। अब निविदा पूरी हो चुकी है, आने वाले दो दिनों में कार्यादेश जारी कर काम शुरू करवाया जाएगा। इससे वसई-विरार के सभी प्रमुख सड़कों पर पैचिंग और गड्ढा भराई का काम तेजी से पूरा होगा।

गुणवत्ता पर सख्त निगरानी : आयुक्त
नागरिकों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए वसई विरार शहर महानगरपालिका ने यह कदम उठाया है, ताकि आने वाले दिनों में यातायात सुगम हो सके। वीवीसीएमसी आयुक्त ने आश्वासन दिया कि गुणवत्ता पर सख्त निगरानी रखी जाएगी, और शहरवासियों को जल्द राहत मिलेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें