मुंबई। राजस्थानी समाज के वरिष्ठ कार्यकर्ता और भाजपा के पूर्व नगरसेवक शिवप्रकाश भुदेका ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में प्रवेश कर लिया। चुनाव से ठीक पहले भुदेका जैसे 45 साल पुराने कार्यकर्ता का भाजपा छोड़कर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक का साथ पकड़ लेना, भाजपा के लिए किसी झटके से कम नहीं है।
आपको बता दें कि वर्ष 2002 के महानगरपालिका चुनाव में भाजपा के टिकट पर नगरसेवक चुने गए भुदेका पार्टी संगठन में कई पदों पर सेवा दे चुके हैं। कई बार भायंदर पूर्व मंडल अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष, चुनाव प्रभारी और युवा मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर कार्य कर चुके भुदेका प्रभाग क्रमांक 3 से भाजपा का टिकट चाहते थे, लेकिन पार्टी नेतृत्व के निराशाजनक रवैए से दुःखी होकर उन्होंने शिवसेना में प्रवेश करने का फैसला कर लिया। बताया जाता है कि जब मीरा भायंदर शहर में भाजपा का झंडा उठाने वाले कार्यकर्ता नहीं मिलते थे, उस समय से निष्ठावान कार्यकर्ता रहे भूदेका भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता के सभी चुनावों में प्रभारी के रूप में कार्य करते रहे हैं। अचानक उनके द्वारा लिए गए इस फैसले से लोग भौचक्के रह गए। पार्टी के नेताओं द्वारा भूदेका को काल भी किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उन्होंने प्रताप सरनाईक की उपस्थिति में भगवा ध्वज स्वीकार कर लिया।













